ब्रज मंडल यात्रा: नूंह में सौहार्द्र की मिसाल, मुस्लिम समुदाय ने लगाए 30 वेलकम स्टॉल, भारी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण आयोजन

हरियाणा के नूंह जिले में आज ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा पूरी सतर्कता और सौहार्द्र के साथ निकाली जा रही है। पिछले साल 2023 की हिंसक घटनाओं की यादें ताजा हैं, लेकिन इस बार प्रशासन और स्थानीय लोग किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
यात्रा के स्वागत में इस बार कुल 42 वेलकम स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से लगभग 30 स्टॉल मुस्लिम समुदाय द्वारा लगाए गए हैं। यह कदम क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द्र की अनूठी मिसाल पेश करता है। नूंह में हिंदू और मुस्लिम समुदाय वर्षों से मिल-जुलकर रहते आए हैं, और यह यात्रा उसका प्रत्यक्ष प्रमाण बन रही है।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

पिछले साल की हिंसा में जहां पांच लोगों की जान गई थी और करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ था, वहीं इस बार जिला प्रशासन ने सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए हैं।


जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा और एसपी राजेश कुमार खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अरावली पर्वतमाला तक में तलाशी अभियान चलाया गया है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।

यात्रा का रूट और समय

ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा आज दोपहर 12 बजे नल्हरेश्वर मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर मंदिर पहुंचेगी और फिर सिंगार गांव के श्रृंगेश्वर मंदिर तक जाएगी। समापन शाम करीब 4–5 बजे के बीच होगा।

इस यात्रा में हरियाणा सरकार के कई मंत्री और विधायक भी शामिल हो सकते हैं, जिनमें खेल मंत्री गौरव गौतम, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा और राजस्थान के कामां से विधायक नौक्षम चौधरी के नाम प्रमुख हैं।

शांति बनाएं रखने के लिए की गई व्यवस्था

इस बार नूंह की धरती से देश को शांति, सहयोग और सांप्रदायिक सौहार्द्र का संदेश दिया जा रहा है। प्रशासन और आम जनता की साझा कोशिशें यह दर्शाती हैं कि नफरत नहीं, भाईचारा ही असली भारत की पहचान है।



Exit mobile version