हादसे में मातम: मंडी के सरकाघाट में HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त, 5 की मौत, कई गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के पास तरांगला क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह बस सरकाघाट से जमनी दुर्गापुर की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब बस तरांगला के पास एक ढलान से फिसलती हुई खेतों में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 25 सवारियां थीं। पलटने के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी ही देर में 108 एंबुलेंस और सरकाघाट के डीएसपी संजीव गौतम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

डीएसपी संजीव गौतम ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मरने वालों में दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा, हालांकि शुरुआती जांच में अनियंत्रित गति और सड़क की स्थिति को जिम्मेदार माना जा रहा है।

फिलहाल घटनास्थल पर माहौल गमगीन है और अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

Exit mobile version