गाजियाबाद की पॉश सोसाइटी में आग का तांडव: 9वीं से 13वीं मंजिल तक भड़की लपटें, मची अफरा-तफरी

गाजियाबाद की पॉश सोसाइटी में आग का तांडव

gaziyabad fire

gaziyabad fire

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Gaziyabad Fire) से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। इंदिरापुरम क्षेत्र के अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 9वीं से 13वीं मंजिल तक ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

घटना करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। जैसे ही लोगों ने आग की लपटें देखीं, सोसाइटी में हड़कंप मच गया। निवासी अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकलकर जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने घबराकर अपने परिवार और बच्चों को तुरंत नीचे उतारा, जबकि कई लोग सीढ़ियों और लिफ्ट के पास इकट्ठा हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, (Gaziyabad Fire) आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कई मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। हालांकि शुरुआती जानकारी के अनुसार, अधिकांश लोग समय रहते अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए थे, जिससे किसी के अंदर फंसे होने की आशंका कम बताई जा रही है। फिर भी एहतियात के तौर पर राहत और बचाव कार्य जारी है और हर फ्लोर की जांच की जा रही है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में भारी संपत्ति के नुकसान की संभावना है। कई फ्लैटों में आग और धुएं की वजह से नुकसान हुआ है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर काबू पाने की कोशिशें तेजी से जारी हैं और जल्द ही स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज सोसाइटीज में सुरक्षा इंतजामों और फायर सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version