मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच एलपीजी की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर हरियाणा सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और आपूर्ति की समीक्षा की। सरकार ने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने या जमाखोरी करने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री सैनी ने अधिकारियों के साथ बैठक में मौजूदा हालात की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंद्रू, पुलिस महानिदेशक अंशज सिंह और तेल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की दिक्कत न आने पाए।
अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च को सभी राज्यों को निर्देश जारी किए थे, जिनमें घरेलू एलपीजी की पर्याप्त और समान आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। इन निर्देशों के बाद तेल कंपनियां सप्लाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने में जुटी हैं।
बैठक के दौरान तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल देशभर में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की सप्लाई सामान्य बनी हुई है। लोगों के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर कोई असर नहीं पड़ा है और नियमित रूप से डिस्ट्रीब्यूशन जारी है। हालांकि, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में कुछ समय के लिए अस्थायी बाधा जरूर आई है।
अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई में स्कूलों और अस्पतालों जैसे जरूरी संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी जल्द से जल्द गैस उपलब्ध कराने के लिए तेल कंपनियां लगातार प्रयास कर रही हैं। सरकार का कहना है कि यह अस्थायी स्थिति है और जल्द ही कमर्शियल गैस की सप्लाई भी पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
बैठक के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति में किसी भी तरह की रुकावट नहीं आनी चाहिए और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।
इसके साथ ही गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, चोरी या जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार ने कहा है कि यदि कहीं भी एलपीजी सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा सरकार ने जनता से अपील की है कि एलपीजी की सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। लोगों से कहा गया है कि घबराकर गैस सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु और निर्बाध बनी हुई है।

