दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को बूढ़पुर स्थित ‘अपना घर आश्रम’ के 12वें वार्षिकोत्सव और संस्था के रजत जयंती समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने पिछले 26 वर्षों से बेसहारा, अस्वस्थ और समाज से उपेक्षित लोगों की सेवा में जुटे आश्रम के कार्यों की सराहना की और इसे मानवता की मिसाल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संस्थान समाज के लिए प्रेरणा हैं और जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद जगाते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘अपना घर आश्रम’ जैसे संस्थान उन लोगों के लिए आशा का केंद्र बनते हैं, जो किसी कारणवश परिवार और समाज से अलग हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम के कार्यकर्ता जिस समर्पण और निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं, वह वास्तव में समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे सेवा कार्यों को हमेशा प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आश्रम में रह रहे लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनकी देखभाल में जुटे कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे कई लोग हैं जो बीमारी, मानसिक अस्वस्थता या पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अकेले पड़ जाते हैं। ऐसे में ‘अपना घर आश्रम’ जैसी संस्थाएं उनके लिए नया परिवार बनकर सामने आती हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को एक बड़ी सौगात भी दी। उन्होंने बूढ़पुर स्थित आश्रम तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण के लिए जरूरी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम तक पहुंचने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और सड़क बनने से यहां आने-जाने में सुविधा होगी। इससे आश्रम में रहने वाले लोगों, कर्मचारियों और यहां सेवा कार्यों के लिए आने वाले स्वयंसेवकों को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे का विकास करना ही नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाना भी है।
इस कार्यक्रम में उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया, नरेला से विधायक राजकरण खत्री, वरिष्ठ बीजेपी नेता श्याम जाजू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की और इसे समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
समारोह के दौरान आश्रम के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और संस्था के अब तक के सेवा कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ‘अपना घर आश्रम’ पिछले 26 वर्षों से देशभर में बेसहारा, बीमार और लावारिस लोगों को आश्रय, भोजन और इलाज उपलब्ध कराने का काम कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने आश्रम के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को समाज सेवा के इस मिशन को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार हर संभव सहयोग के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है।

