पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के खाद्य एवं पोषण विभाग की शोधार्थी कुमारी प्रभनूर कौर को हाल ही में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित आईसीएआर प्रायोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान ‘सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन ‘कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका’ विषय पर केंद्रित था, जिसमें देशभर के वैज्ञानिकों और शोधार्थियों ने भाग लिया।
प्रभनूर कौर ने अपना एम.एससी. शोध कार्य डॉ. रेनुका अग्रवाल के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरा किया। उनके शोध का मुख्य उद्देश्य खाद्य और पोषण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए खाद्य सुरक्षा एवं स्थिरता से जुड़े सैद्धांतिक पहलुओं को सामने लाना था। उनके अध्ययन को सम्मेलन में विशेष सराहना मिली, जिसके आधार पर उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
वर्तमान में प्रभनूर कौर इसी विभाग से पीएचडी कर रही हैं और अपने शोध कार्य को आगे बढ़ा रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन हुआ है।
इस अवसर पर पीएयू के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल, डीन (पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज) डॉ. मानवइंद्र सिंह गिल, कम्युनिटी साइंस कॉलेज की डीन डॉ. किरण बैंस तथा खाद्य एवं पोषण विभाग की प्रमुख डॉ. हरप्रीत कौर ने छात्रा और उनके मार्गदर्शक को इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां युवा शोधकर्ताओं को प्रेरित करती हैं और कृषि एवं पोषण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करती हैं।

