पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा एक विशेष व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया, जिसमें कुवैत यूनिवर्सिटी के खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं पीएयू के एडजंक्ट प्रोफेसर डॉ. जे. एस. सिद्धू मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभाग के वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में डॉ. सिद्धू ने पीएयू से जुड़े अपने अनुभवों और यादों को साझा करते हुए बताया कि इस संस्थान ने उनके शैक्षणिक और पेशेवर जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुए विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विभाग लगातार नवाचार और शोध के माध्यम से अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है।
डॉ. सिद्धू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफलता के मूल मंत्र भी साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण रखने और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने की सलाह दी।
इसके साथ ही उन्होंने दुनिया की प्रमुख विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक माहौल का जिक्र करते हुए बताया कि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए विद्यार्थियों को बदलते वातावरण के अनुरूप स्वयं को ढालना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई परिस्थितियों को अपनाने की क्षमता ही व्यक्ति के व्यक्तिगत और पेशेवर विकास को सुनिश्चित करती है।
कार्यक्रम के अंत में विभाग की ओर से डॉ. सिद्धू का धन्यवाद किया गया। यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक साबित हुआ, जिसने उन्हें अपने करियर के प्रति नई दिशा और उत्साह प्रदान किया।

