ईद के मौके पर रिलीज होने जा रही निर्देशक आदित्य धर की मचअवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुपरस्टार रणवीर सिंह की इस एक्शन-ड्रामा फिल्म का इंतजार अब खत्म होने वाला है, क्योंकि फिल्म रिलीज से महज एक दिन दूर है। रिलीज से पहले ही फिल्म एडवांस बुकिंग और बज के मामले में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करती नजर आ रही है।
फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है, जिससे साफ है कि इसमें भरपूर एक्शन और इंटेंस कंटेंट देखने को मिलेगा। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुल 21 कट लगाए हैं और करीब 1 मिनट 34 सेकंड की फुटेज हटाई गई है। मेकर्स को गालियों को म्यूट करने, हिंसक दृश्यों को थोड़ा कम करने और ड्रग्स से जुड़े सीन पर चेतावनी देने के निर्देश दिए गए थे।
इसके अलावा, फिल्म में कुछ संवेदनशील संदर्भों को लेकर भी बदलाव किए गए हैं। सबटाइटल्स में नोटबंदी की तारीख को अपडेट करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेफरेंस के लिए आधिकारिक सर्टिफिकेट जमा करने जैसे निर्देश भी CBFC की ओर से दिए गए।
‘धुरंधर 2’ का रनटाइम भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म लगभग 229 मिनट यानी करीब 3 घंटे 50 मिनट लंबी है, जो इसे हाल के समय की सबसे लंबी फिल्मों में शामिल करती है। हालांकि, इतनी लंबी अवधि के बावजूद फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है। ट्रेलर में हाई-ऑक्टेन एक्शन, खून-खराबा और रणवीर सिंह का जबरदस्त एग्रेशन साफ नजर आया।
फिल्म की कहानी रणवीर सिंह के किरदार हमजा अली मजारी के जसकीरत सिंह रंगी बनने की जर्नी पर आधारित है। यह ट्रांसफॉर्मेशन, इमोशन और पावर से भरी कहानी दर्शकों को एक अलग अनुभव देने का वादा करती है। पहले पार्ट की सफलता के बाद इसके सीक्वल से उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
‘धुरंधर 2’ को पैन इंडिया स्तर पर रिलीज किया जा रहा है, जिससे इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को बड़ा फायदा मिल सकता है। एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े काफी मजबूत हैं और ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले ही दिन वर्ल्डवाइड 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर सकती है।
ईद रिलीज का फायदा भी फिल्म को मिलने वाला है, क्योंकि इस मौके पर बड़ी संख्या में दर्शक सिनेमाघरों का रुख करते हैं। ऐसे में ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है और साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में अपनी जगह बना सकती है।

