भारत में गरीबी उन्मूलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर आए हैं और अत्यंत गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। इस उपलब्धि में कृषि, पशुपालन, ग्रामीण आजीविका, आधारभूत संरचना, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इसी विषय पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के विभिन्न विभागों की भूमिका, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करने के लिए 23 नवंबर को नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान भी उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि एवं किसान कल्याण सचिव श्री अतीश चंद्रा, ग्रामीण विकास सचिव श्री रोहित कंसल, भूमि संसाधन विभाग के सचिव श्री दिलीप कुमार तथा कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य देश में गरीबी कम करने में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों, कृषि अनुसंधान, ग्रामीण आजीविका मिशन, भूमि संसाधन विकास और ग्रामीण आधारभूत संरचना की भूमिका का मूल्यांकन करना तथा भविष्य में गरीबी उन्मूलन के प्रयासों को और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार करना था।
50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना ऐतिहासिक उपलब्धि: शिवराज सिंह चौहान
कार्यशाला को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में भी भारत में गरीबी कम होने की गति को महत्वपूर्ण बताया गया है।
उन्होंने कहा कि करीब 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना असाधारण और अकल्पनीय उपलब्धि है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का गरीबी से बाहर निकलना देश की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह उपलब्धि केवल सरकारी योजनाओं के कारण नहीं, बल्कि योजनाओं को तैयार करने से लेकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन तक जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी विजन के साथ कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालयों के कर्मचारियों ने गांवों और गरीब परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे इस उपलब्धि को केवल एक सरकारी आंकड़े के रूप में न देखें, बल्कि इसे देश की सामूहिक सफलता और जनसेवा के परिणाम के रूप में मनाएं।
अधिकारियों और कर्मचारियों से बोले- आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई, बल्कि देश बनाया है
कार्यशाला का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह रहा कि केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सेक्शन ऑफिसर और असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर स्तर के कर्मचारियों को भी विशेष महत्व दिया।
उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की शुरुआत केवल उच्च स्तर पर नहीं होती। योजना तैयार करने, फाइलों को आगे बढ़ाने, प्रस्तावों का परीक्षण करने और उन्हें जमीन पर लागू कराने में हर स्तर के कर्मचारी की भूमिका होती है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई, बल्कि देश बनाया है। आप इस विकास यात्रा के असली सारथी हैं।”
श्री चौहान ने कहा कि आमतौर पर समीक्षा बैठकों में वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी अधिक होती है, लेकिन इस बार उन्होंने निर्णय लिया कि सेक्शन ऑफिसर से लेकर सचिव स्तर तक सभी कर्मचारियों को एक मंच पर बुलाया जाए, ताकि उन लोगों के अनुभव और सुझाव भी सामने आ सकें जो योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन से जुड़े रहते हैं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री मंच से उतरकर अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भी बैठे। उन्होंने उनसे सीधे संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं तथा सुधार के संभावित उपायों पर सुझाव मांगे।
उन्होंने कहा कि देश की इस उपलब्धि के पीछे कर्मचारियों का परिश्रम और समर्पण है। इसलिए इस सफलता को आनंद और उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए।
शेष 2.6 से 2.7 प्रतिशत आबादी को भी गरीबी से बाहर निकालने का संकल्प
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता मिलने के बावजूद सरकार का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। अब दो प्रमुख लक्ष्यों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
पहला, जो लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आ चुके हैं, उन्हें दोबारा गरीबी की स्थिति में जाने से रोकना। दूसरा, जो परिवार अभी भी अत्यंत गरीबी से जूझ रहे हैं, उन्हें भी तेजी से बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना।
उन्होंने कहा कि अत्यंत गरीबी की दर घटकर लगभग 2.6 से 2.7 प्रतिशत रह गई है। अब सरकार का संकल्प है कि शेष बचे लोगों को भी गरीबी से बाहर निकाला जाए।
इसके लिए कृषि आधारित रोजगार, ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण, आवास, सड़क, सिंचाई और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना होगा।
कृषि विकास दर 4.45 प्रतिशत पर पहुंची, ICAR के शोध से हर एक रुपये पर 13.85 रुपये का लाभ
कार्यशाला में कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर विशेष चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय कृषि ने उल्लेखनीय प्रगति की है। देश की दशकीय कृषि विकास दर 4.45 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है, जो हरित क्रांति के दौर की तुलना में भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति का लाभ केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे किसानों की आय, ग्रामीण रोजगार और खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिली है।
कार्यशाला में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) के माध्यम से किसानों को अब तक 4.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।
इसके साथ ही देश में खाद्यान्न उत्पादन 376.56 मिलियन टन और बागवानी उत्पादन 386.91 मिलियन टन तक पहुंचने की जानकारी दी गई। कृषि ऋण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती, 10,000 किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) की पहल और AgriStack जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं को भी कृषि विकास के महत्वपूर्ण आधार के रूप में प्रस्तुत किया गया।
कृषि अनुसंधान में निवेश का बढ़ा आर्थिक लाभ
कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) और ICAR की प्रस्तुति में बताया गया कि कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा में निवेश किए गए प्रत्येक एक रुपये पर 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। वहीं पशुपालन अनुसंधान में प्रत्येक एक रुपये के निवेश पर 20.81 रुपये का आर्थिक लाभ मिलने का आकलन प्रस्तुत किया गया।
प्रस्तुति के अनुसार, वर्ष 2014 के बाद से देश में फसलों की 3,436 नई किस्में जारी की गई हैं, जिनमें 93 प्रतिशत जलवायु अनुकूल किस्में हैं।
इन किस्मों के विकास से बदलते मौसम, सूखा, तापमान में वृद्धि और अन्य कृषि चुनौतियों का सामना करने में किसानों को मदद मिल सकती है।
इसके अलावा बायोफोर्टिफाइड फसल किस्मों, मत्स्य उत्पादन में वृद्धि, 500 से अधिक कृषि मशीनों और कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) के माध्यम से किसानों तक तकनीकी जानकारी पहुंचाने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।
प्रस्तुति में बताया गया कि KVK नेटवर्क के माध्यम से सालाना लगभग 5 करोड़ किसानों तक डिजिटल माध्यमों से पहुंच बनाई जा रही है। इससे वैज्ञानिक खेती, नई तकनीकों और कृषि नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने में सहायता मिल रही है।
लखपति दीदी से पक्के मकानों तक, ग्रामीण विकास योजनाओं ने बदली गांवों की तस्वीर
कार्यशाला में ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं और उनके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों को भी विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के माध्यम से देश में 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जोड़ा गया है।
इन समूहों के माध्यम से महिलाओं को बचत, ऋण, स्वरोजगार और सामूहिक उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यशाला में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, अब तक 3.76 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। यह उपलब्धि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से 3.99 करोड़ पक्के घर
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के अंतर्गत अब तक 3.99 करोड़ पक्के मकानों का निर्माण किया गया है।
पक्के आवास उपलब्ध होने से ग्रामीण गरीब परिवारों को सुरक्षित रहने का स्थान मिला है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्यों और उससे जुड़े रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिला है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बढ़ी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत देश में 7.99 लाख किलोमीटर बारहमासी सड़कों का निर्माण किया गया है।
बेहतर ग्रामीण सड़कों से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने, मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने और ग्रामीण व्यवसायों को बाजार से जुड़ने में मदद मिल रही है।
कार्यशाला में विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों के लिए 125 दिनों के रोजगार की गारंटी का भी उल्लेख किया गया।
इसके अतिरिक्त सामाजिक सहायता कार्यक्रमों और 99.9 प्रतिशत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) पारदर्शिता को गरीबों तक सरकारी सहायता पहुंचाने की महत्वपूर्ण व्यवस्था बताया गया।
जलग्रहण विकास से 61.15 लाख किसानों को लाभ, किसानों की आय में 70 प्रतिशत तक वृद्धि
भूमि संसाधन विभाग (DoLR) की ओर से भी ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, भूमि सुधार और कृषि उत्पादकता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में बताया गया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलग्रहण विकास घटक (WDC-PMKSY) के माध्यम से अब तक 3.40 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र का उपचार किया गया है।
इन गतिविधियों से 61.15 लाख किसानों को सीधा लाभ मिला है। जल संरक्षण, भूमि सुधार और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से सिंचित क्षेत्र में वृद्धि, पशुपालन गतिविधियों को प्रोत्साहन और दुग्ध उत्पादन में सुधार जैसे परिणाम सामने आए हैं।
प्रस्तुति के अनुसार, जलग्रहण विकास कार्यक्रमों से लाभान्वित किसानों की औसत वार्षिक आय में 70 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
यह दर्शाता है कि ग्रामीण गरीबी कम करने में केवल प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि जल और भूमि जैसे प्राकृतिक संसाधनों का वैज्ञानिक प्रबंधन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योजनाओं में सुधार के लिए कर्मचारियों से मांगे सुझाव, FTA से वैश्विक बाजार पर नजर
कार्यशाला के समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश ने गरीबी उन्मूलन में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि मौजूदा योजनाओं में सुधार की आवश्यकता समाप्त हो गई है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि यदि उनके पास बजट, योजनाओं के संशोधन, किसानों की आय बढ़ाने या ग्रामीण विकास के लिए किसी नई पहल का सुझाव है तो वे उसे लिखित रूप में भेज सकते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और e-NAM जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके क्रियान्वयन और प्रभाव को और बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव महत्वपूर्ण हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में विभागवार निचले स्तर के कर्मचारियों के साथ भी अनौपचारिक बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं और सुझावों को सीधे समझा जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी केवल फाइलों और सरकारी पत्रों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इन उपलब्धियों को किसानों, ग्रामीण परिवारों और आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
2029 से विकसित भारत @2047 तक के लक्ष्यों पर जोर
श्री चौहान ने कहा कि देश की विकास यात्रा अभी जारी है। आने वाले वर्षों में 2029, 2030-31 और विकसित भारत @2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने मुक्त व्यापार समझौतों (Free Trade Agreements-FTA) का उल्लेख करते हुए कहा कि अब भारत को अपने कृषि उत्पादों के साथ वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान बनानी है।
इसके लिए किसानों को बेहतर गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धी उत्पादन, आधुनिक Processing, Packaging, Logistics और Export Infrastructure से जोड़ना होगा।
कृषि और ग्रामीण विकास के समन्वय से मजबूत होगी गरीबी उन्मूलन की रणनीति
दिल्ली में आयोजित इस संयुक्त कार्यशाला से यह स्पष्ट हुआ कि गरीबी उन्मूलन केवल सामाजिक कल्याण की योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है। इसमें कृषि उत्पादकता, वैज्ञानिक अनुसंधान, महिला उद्यमिता, ग्रामीण रोजगार, सिंचाई, सड़क, आवास और बाजार तक पहुंच जैसे अनेक पहलू एक-दूसरे से जुड़े हैं।
कृषि क्षेत्र में उत्पादन और उत्पादकता बढ़ने से किसानों को लाभ मिलता है, जबकि ग्रामीण विकास योजनाएं गरीब परिवारों को आवास, रोजगार, आजीविका और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं। वहीं ICAR का अनुसंधान और भूमि संसाधन विभाग के जलग्रहण विकास कार्यक्रम कृषि को अधिक टिकाऊ और जलवायु अनुकूल बनाने में योगदान देते हैं।
ऐसे में दोनों मंत्रालयों और उनके अधीन विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
भारत के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती गरीबी से बाहर आए परिवारों की आर्थिक स्थिति को स्थायी बनाना और शेष गरीब परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने और कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने पर विशेष ध्यान देना होगा।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश स्पष्ट रहा कि गरीबी उन्मूलन की उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और अब लक्ष्य केवल गरीबी कम करना नहीं, बल्कि हर ग्रामीण परिवार को सम्मानजनक जीवन, स्थायी आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराना है।

