सहकारी क्षेत्र की अग्रणी उर्वरक संस्था भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्था ने इस दौरान 4100 करोड़ रुपये से अधिक का कर-पूर्व लाभ (PBT) हासिल किया, जो वैश्विक उर्वरक उद्योग में जारी चुनौतियों के बीच एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
जहां एक ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति संबंधी बाधाएं बनी रहीं, वहीं IFFCO ने संतुलित रणनीति, बेहतर प्रबंधन और नवाचार के दम पर न सिर्फ अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी, बल्कि किसानों तक उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित की।
उत्पादन में मजबूती, सप्लाई में स्थिरता
वित्त वर्ष के दौरान IFFCO ने 90 लाख मीट्रिक टन से अधिक उर्वरकों का उत्पादन किया। इसमें यूरिया और जटिल उर्वरकों की अहम भूमिका रही। संस्था की फूलपुर, आंवला और पारादीप इकाइयों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उत्पादन को नई ऊंचाई दी। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स और बंदरगाह संचालन में सुधार के चलते सप्लाई चेन को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाया गया, जिससे देशभर में समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी।
बिक्री में भी जबरदस्त उछाल
IFFCO की कुल उर्वरक बिक्री करीब 119 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गई, जो इसकी मजबूत वितरण प्रणाली को दर्शाती है। संस्था ने पारंपरिक उर्वरकों के साथ-साथ आधुनिक उत्पादों पर भी खास ध्यान दिया, जिसका सकारात्मक असर बिक्री पर साफ दिखाई दिया।
खास बात यह रही कि नैनो उर्वरकों की मांग में तेजी देखने को मिली। इस दौरान नैनो उर्वरकों की बिक्री 301 लाख बोतलों के पार पहुंच गई। इसमें 221 लाख बोतल नैनो यूरिया प्लस लिक्विड और 64.89 लाख से अधिक बोतल नैनो डीएपी लिक्विड की बिक्री शामिल रही। इसके अलावा नैनो जिंक और नैनो कॉपर जैसे नए उत्पादों को भी बाजार में अच्छी शुरुआत मिली है।
नैनो टेक्नोलॉजी से टिकाऊ खेती की दिशा में कदम
IFFCO ने नैनो उर्वरकों और आधुनिक तकनीकों के जरिए कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने की दिशा में ठोस प्रयास किए हैं। इन उत्पादों के उपयोग से जहां पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं मृदा स्वास्थ्य सुधारने और पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
संस्था का मानना है कि भविष्य की खेती टिकाऊ और लागत प्रभावी होनी चाहिए। इसी दिशा में IFFCO किसानों को संतुलित पोषण, वैज्ञानिक उपयोग और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
IFFCO ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य केवल उत्पादन और मुनाफा बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों की आय में सुधार करना और कृषि को दीर्घकालिक रूप से मजबूत बनाना है। बेहतर उत्पाद, प्रभावी वितरण और नवाचार आधारित रणनीति के जरिए संस्था आने वाले समय में भी कृषि क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

