Punjab Blast News: पंजाब के जालंधर और अमृतसर में मंगलवार रात को हुए दो अलग-अलग धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। तीन घंटे के भीतर दोनों शहरों में बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) मुख्यालय के बाहर हुए धमाकों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह है कि इन घटनाओं में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने आई है।
पहली घटना जालंधर में रात करीब 8:15 बजे सामने आई। यहां बीएसएफ हेडक्वार्टर (BSF Headquarters Attack) के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास की दीवारें तक हिल गईं और आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर तक सुनाई दी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस स्कूटी में धमाका हुआ वह गढ़ा इलाके के रहने वाले गुरप्रीत सिंह की थी, जो एक ई-कॉमर्स कंपनी में काम करता है। वह बीएसएफ मुख्यालय में पार्सल देने आया था, लेकिन हेलमेट न होने के कारण उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद उसने अपनी स्कूटी मुख्यालय से करीब 50 फीट दूर खड़ी कर दी और अंदर चला गया। इसी दौरान स्कूटी में धमाका हो गया। पुलिस ने स्कूटी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दूसरी घटना अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा इलाके में रात करीब 10:50 बजे हुई। यहां भी बीएसएफ मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाका हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने विस्फोटक सामग्री को हवा में उछालते हुए मुख्यालय की ओर फेंका, जो दीवार से टकराकर फट गया। इस धमाके से मुख्यालय की चारदीवारी को नुकसान पहुंचा और टीन शेड भी गिर गई।
एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि शुरुआती जांच में ग्रेनेड हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि पंजाब में पिछले डेढ़ साल में इस तरह के कई हमले हो चुके हैं। करीब 16 पुलिस थानों को भी ग्रेनेड हमलों का निशाना बनाया जा चुका है, जिससे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और बढ़ा दी गई है।
फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अहम खुलासे हो सकते हैं।

