भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंडल (ICC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘कृषि विक्रम – विकसित कृषि, विकसित भारत 2047’ के दौरान अम्बर क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड को ‘Agriculture Sustainability’ (कृषि स्थिरता) श्रेणी में ‘कृषि विक्रम 2026’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कंपनी द्वारा टिकाऊ कृषि, आधुनिक फसल सुरक्षा तकनीकों तथा पर्यावरण-अनुकूल कृषि समाधानों के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
नई दिल्ली के ले मेरिडियन होटल में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय मंत्रियों, नीति निर्माताओं, कृषि वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और कृषि विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के अनुरूप कृषि क्षेत्र को तकनीक आधारित, नवाचार केंद्रित, टिकाऊ और किसान हितैषी बनाना था। कार्यक्रम में जलवायु अनुकूल खेती, डिजिटल कृषि, प्रिसिजन फार्मिंग, स्मार्ट सिंचाई, कृषि स्टार्टअप, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि निर्यात जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अम्बर क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड, जिसकी स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी, आज देश की तेजी से उभरती हुई एग्रोकेमिकल कंपनियों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। हरियाणा के सोनीपत स्थित अत्याधुनिक विनिर्माण इकाइयों से कंपनी किसानों के लिए कीटनाशक, खरपतवारनाशी, फफूंदनाशी, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, सूक्ष्म पोषक तत्व, उर्वरक एवं जैव उर्वरकों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध करा रही है। कंपनी का उद्देश्य किसानों को ऐसे वैज्ञानिक एवं भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराना है, जिससे उत्पादन बढ़े, लागत घटे और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो।
आईएसओ 9001:2015 प्रमाणित अम्बर क्रॉप साइंस गुणवत्ता और अनुसंधान को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती है। कंपनी के सभी उत्पाद अत्याधुनिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) प्रयोगशालाओं तथा गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रियाओं से गुजरते हैं, जिससे किसानों तक उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद पहुंचाए जा सकें। कंपनी भविष्य में उत्तर प्रदेश के मथुरा में तकनीकी और अनुसंधान परियोजनाओं के विस्तार की दिशा में भी कार्य कर रही है। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक डिजिटल तकनीकों को कृषि से जोड़कर किसानों को स्मार्ट एवं टिकाऊ खेती के समाधान उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है।
कंपनी के निदेशक श्री सुनील गुप्ता और श्री संजय गुप्ता के नेतृत्व में अम्बर क्रॉप साइंस ने उद्यमिता (Entrepreneurship), नवाचार (Innovation), ग्राहक संतुष्टि (Customer Satisfaction), पारदर्शिता (Transparency) और उत्कृष्टता (Excellence) को अपनी कार्य संस्कृति का आधार बनाया है। कंपनी का मानना है कि भारतीय कृषि का भविष्य केवल उत्पादन बढ़ाने में नहीं, बल्कि टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और किसानों के साथ विश्वासपूर्ण साझेदारी स्थापित करने में निहित है।
सम्मेलन में विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि क्षेत्र में अनुसंधान, तकनीकी निवेश, जलवायु अनुकूल खेती, मूल्य संवर्धन और निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है। ऐसे प्रयास किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय कृषि को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
‘कृषि विक्रम–2026’ में मिला ‘Agriculture Sustainability’ अवॉर्ड अम्बर क्रॉप साइंस की किसान-केंद्रित सोच, सतत कृषि के प्रति प्रतिबद्धता और आधुनिक कृषि नवाचारों का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है। यह उपलब्धि न केवल कंपनी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि भारतीय कृषि को अधिक समृद्ध, पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उसके निरंतर प्रयासों की भी महत्वपूर्ण पहचान है।
