International Yoga Day के अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सहयोग से विशेष कार्यक्रम “स्वस्थ माटी, स्वस्थ मन – योग“ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों के बीच योग के महत्व को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने किसानों के साथ योगाभ्यास किया और उन्हें नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती-किसानी का कार्य शारीरिक और मानसिक दोनों दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में योग किसानों को तनावमुक्त रहने, ऊर्जा बनाए रखने और बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त करने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ किसान ही समृद्ध कृषि और मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं।
कार्यक्रम में योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य, प्राकृतिक जीवन पद्धति और किसानों के समग्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है।
“स्वस्थ माटी, स्वस्थ मन – योग” कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार स्वस्थ मिट्टी अच्छी फसल के लिए आवश्यक है, उसी प्रकार स्वस्थ मन और शरीर किसानों की खुशहाली और कृषि विकास के लिए जरूरी हैं।
यह विशेष कार्यक्रम 21 जून, रविवार को प्रातः 9:00 बजे प्रसारित किया जाएगा। वहीं, दर्शकों की सुविधा के लिए इसका पुनः प्रसारण दोपहर 3:00 बजे किया जाएगा।
