गुजरात के मोडासा में आयोजित किसान सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि साबरकांठा की धरती न्याय मांग रही है, क्योंकि यहां के पशुपालकों और किसानों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि डेयरी किसानों को हर साल मिलने वाला बोनस लगातार घटाया जा रहा है। “पिछले वर्षों में जहां बोनस 16-17% तक मिलता था, इस बार महज 9.5% की घोषणा कर दी गई और वो भी अब तक किसानों को नहीं मिला,” केजरीवाल ने कहा। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही आम आदमी पार्टी ने कार्यक्रम की घोषणा की, सरकार ने बोनस बढ़ाकर 17.5% कर दिया, लेकिन यह केवल दिखावा है, असल में किसानों को अभी तक कुछ नहीं मिला।
मृतक किसान को 2 करोड़ की सहायता की मांग
केजरीवाल ने किसान अशोक चौधरी की मौत का ज़िक्र करते हुए कहा कि उन्हें अब तक कोई मुआवज़ा नहीं मिला है। उन्होंने डेयरी से 1 करोड़ और राज्य सरकार से 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की मांग की। साथ ही कहा कि किसानों की सहकारी समितियों पर बीजेपी ने कब्जा जमा लिया है और अब किसानों के पैसे से अपने लिए रैलियां और ऐशो-आराम कर रही है।
“बटन बदलो, जीवन बदल जाएगा”: भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सम्मेलन में बोलते हुए गुजरात की राजनीति को “तीस साल का भ्रष्ट शासन” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी की मिलीभगत ने विपक्ष की आवाज़ को दबा दिया है और असल मुद्दों से ध्यान भटका दिया गया है। “यहां पेड़ हर साल पत्ते बदल लेते हैं, पर यहां की सरकारें कुछ नहीं बदलतीं। इस बार बटन बदल के देखिए, जैसे पंजाब ने किया – आज वहां लोगों को मुफ्त बिजली और नौकरियां मिल रही हैं,” मान ने कहा।
उन्होंने बताया कि पंजाब में 55 हजार लोगों को हाल ही में सरकारी नौकरियां दी गईं और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने 10 साल में दिखाया कि ईमानदारी से शासन कैसे होता है।
“गुजरात में बदलाव की पगडंडी बन चुकी है”
भगवंत मान ने कहा कि गोपाल इटालिया की जीत से गुजरात में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। अब वक्त है दो कदम और बढ़ाने का, ताकि सरकार बदले और जनता को उनका हक मिले।

