घर के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए नेशनल हाउजिंग बैंक (NHB) ने गृह सुगम पोर्टल लॉन्च किया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म रक्षा बलों, अर्द्धसैनिक बलों और केंद्र व राज्य सरकार के कर्मचारियों को उनके वर्तमान स्थान से ही आसानी और पारदर्शिता के साथ होम लोन के लिए आवेदन करने की सुविधा प्रदान करेगा।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य डिजिटल लेंडिंग को बढ़ावा देना, वित्तीय समावेशन मजबूत करना और किफायती आवास को सुलभ बनाना है। पोर्टल के माध्यम से कर्मचारी अब बिना बैंकों के चक्कर लगाए, अपने प्रशासनिक इकाइयों के जरिए ऑनलाइन लोन आवेदन कर सकेंगे।
पोर्टल की प्रमुख विशेषताएं
- रक्षा, अर्द्धसैनिक और सरकारी कर्मचारी अपने प्रशासनिक विभागों के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के जरिए आवास ऋण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
- यूनिफाइड डिजिटल मार्केटप्लेस के रूप में यह प्लेटफॉर्म विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लोन ऑफरों की पारदर्शी तुलना की सुविधा देता है।
- NHB और ऋण संस्थानों के साथ सुव्यवस्थित डिजिटल इंटीग्रेशन, जिससे लोन प्रोसेसिंग तेज और सुविधाजनक बनती है।
- उन्नत लोन प्रोसेसिंग क्षमता, जिसमें दस्तावेज़ीकरण, मूल्यांकन और स्वीकृति प्रक्रिया अधिक प्रभावी होती है।
- शिकायत निवारण और उपभोक्ता सुरक्षा के लिए ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम उपलब्ध।
- त्वरित सहायता के लिए ऑनलाइन चैट सुविधा भी शामिल है।
क्या होगा लाभ?
‘गृह सुगम पोर्टल’ के जरिए कर्मचारी न्यूनतम जानकारी देकर अपनी लोन रिक्वेस्ट दर्ज कर सकते हैं। यह जानकारी स्वचालित रूप से पंजीकृत वित्तीय संस्थानों तक पहुँचती है, जहां से उन्हें सबसे बेहतर लोन ऑफर प्राप्त होते हैं। कर्मचारी इन ऑफरों की तुलना कर अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त विकल्प चुन सकते हैं।
यह प्रणाली खासतौर पर उन रक्षा और अर्द्धसैनिक बलों के लिए उपयोगी है, जो अक्सर दूर-दराज या संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहते हैं और बैंकों तक पहुंचना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होता है। इस पोर्टल के माध्यम से किफायती आवास की पहुंच बढ़ेगी और देश में होम ओनरशिप को बढ़ावा मिलेगा।
पोर्टल इस लिंक पर उपलब्ध है:
https://gruhsugam.nhbonline.org.in/
यह डिजिटल पहल आवास क्षेत्र में पारदर्शिता, सरलता और दक्षता सुनिश्चित करते हुए लाखों सरकारी कर्मचारियों को घर का सपना पूरा करने में मदद करेगी।

