प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। 25 जुलाई 2025 को उन्होंने लगातार 4,078 दिन तक देश का नेतृत्व करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इसके साथ ही पीएम मोदी देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। उनसे आगे अब सिर्फ भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू हैं।
24 साल का नेतृत्व, 6 चुनावों में लगातार जीत
नरेंद्र मोदी का राजनीतिक नेतृत्व केवल केंद्र तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यभार संभाला था और तब से अब तक, यानी करीब 24 वर्षों तक राज्य और केंद्र स्तर पर चुनी हुई सरकार का नेतृत्व किया है।
इस दौरान उन्होंने गुजरात (2002, 2007, 2012) और लोकसभा (2014, 2019, 2024) के चुनावों में लगातार जीत हासिल की है। यह एक ऐसी उपलब्धि है जो अब तक किसी भी अन्य भारतीय प्रधानमंत्री के नाम नहीं रही।
मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धियां
-
स्वतंत्र भारत में जन्मे पहले और एकमात्र प्रधानमंत्री
-
सबसे लंबे समय तक रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री
-
गैर-हिंदी भाषी राज्य से आने वाले सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री
-
पहले गैर-कांग्रेसी नेता जिन्होंने दो पूर्ण कार्यकाल पूरे किए और तीसरे के लिए चुने गए
-
लोकसभा में बहुमत हासिल करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री
-
इंदिरा गांधी के बाद पहले प्रधानमंत्री जिन्हें लगातार दो बार पूर्ण बहुमत मिला
-
छह विधानसभा और लोकसभा चुनावों में लगातार जीत का रिकॉर्ड
नेहरू के बाद सबसे बड़ा जनादेश
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019, 2024) में लगातार जीत दिलाई है, जो अब तक सिर्फ जवाहरलाल नेहरू ही कर पाए थे।
इस ऐतिहासिक लम्हे ने भारतीय राजनीति में नरेंद्र मोदी की स्थिति को और अधिक मजबूत कर दिया है, और उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में स्थापित किया है जिसने जनता के विश्वास और चुनावी जनादेश दोनों में अपराजेय छवि बनाई है।

