उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी मौसम का उतार-चढ़ाव अब थमने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 15 दिनों तक प्रदेश में ड्राई वेदर (Dry Weather) बना रहेगा। इस दौरान औसत तापमान में करीब 10% तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, 15 अप्रैल के आसपास एक नया Western Disturbance सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं।
लखनऊ में तेज धूप और उमस से बढ़ेगी परेशानी
लखनऊ और आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है। तेज धूप और बढ़ती उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। जब तक नया Western Disturbance सक्रिय नहीं होता, तब तक प्रदेश में Heatwave जैसे हालात बने रहने की आशंका है।
15 अप्रैल तक हीटवेव जैसी स्थिति
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में यूपी के कई शहरों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 15 अप्रैल तक कई जिलों में Heatwave जैसे कंडीशन देखने को मिल सकते हैं।
नोएडा-गाजियाबाद में तेजी से बढ़ रहा तापमान
नोएडा और गाजियाबाद सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर खत्म हो चुका है। यहां तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल तेज हवाओं से थोड़ी राहत है, लेकिन आने वाले दिनों में पारा 40°C के करीब पहुंच सकता है।
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में भी पड़ेगी भीषण गर्मी
प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी जैसे शहरों में भी गर्मी और उमस का असर बढ़ेगा। यहां तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है। वहीं, बुंदेलखंड के बांदा और ललितपुर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है।
बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान, अब धूप से राहत
हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। कई जगहों पर कटी हुई गेहूं की फसल भीग गई। हालांकि, अब निकल रही तेज धूप फसलों को सुखाने में मदद करेगी, जिससे थ्रेशिंग (मड़ाई) का काम तेजी से पूरा हो सकेगा।

