इस खरीफ सीजन में देशभर में धान की बुवाई का रकबा 245.1 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.4% ज्यादा है। यह किसानों के लिए एक अच्छी खबर जरूर है, लेकिन इसके साथ ही फसल पर कीटों का खतरा भी बढ़ गया है। शुरुआती अवस्था में धान की फसल पर तना छेदक, फुदका और पत्ती लपेटक जैसे कीट तेजी से हमला करते हैं, जो पैदावार को बुरी तरह प्रभावित कर सकते हैं।
फुदका: पत्तियों और तनों को चूसकर करता है फसल बर्बाद
फुदका मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है — हरा फुदका और भूरा फुदका (BPH)।
-
हरा फुदका पौधे की पत्तियों से रस चूसकर उन्हें पीला और कमजोर बना देता है।
-
भूरा फुदका पौधे के तने से रस निकालता है, जिससे पौधा सूख जाता है। इसे “हॉपर बर्न” कहा जाता है।
नियंत्रण उपाय:
भूरे फुदके के लिए इमिडाक्लोप्रिड 17.8% SL का 1 मिली प्रति 3 लीटर पानी में घोल बनाकर तनों पर छिड़काव करें।
पत्ती लपेटक: पौधे की भोजन निर्माण प्रक्रिया को बाधित करता है
यह कीट पत्तियों को सिलकर उनके अंदर छिप जाता है और पत्तियों के हरित पदार्थ को खा जाता है। इससे पत्तियां सफेद और जालीदार हो जाती हैं।
नियंत्रण उपाय:
रस्सी से फसल के ऊपर झाड़ने से सुंडियां गिरती हैं। ज्यादा प्रकोप होने पर डाइमेथोएट 30% EC का 1 मिली प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करें।
तना छेदक: बालियों को करता है सूखा और बेदाना
यह कीट फसल को हर अवस्था में नुकसान पहुंचाता है। इसकी सुंडी तने के अंदर घुसकर पौधे को भीतर से खोखला कर देती है।
-
शुरुआती अवस्था में इसे ‘डेड हार्ट’ और
-
बालियों के समय में ‘सफेद बाली’ (White Ear) के रूप में पहचाना जाता है।
नियंत्रण उपाय:
पत्तियों के ऊपरी हिस्से को काटें और खेत में
-
कार्बोफ्यूरॉन 3G: 20 किग्रा/हेक्टेयर या
-
कारटाप हाइड्रोक्लोराइड 4G: 18 किग्रा/हेक्टेयर की दर से 3-5 सेमी पानी में डालें।
समाधान: अपनाएं IPM तकनीक
विशेषज्ञों की मानें तो एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) तकनीक और समय पर कीटों की पहचान से किसान अपनी फसल को बचाकर बेहतर उपज प्राप्त कर सकते हैं।
सलाह:
समय-समय पर खेत की निगरानी करें, कीटों की पहचान होते ही उचित जैविक या रासायनिक नियंत्रण अपनाएं।
निष्कर्ष:
जहां एक ओर देश भर में धान की बुवाई में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है, वहीं कीटों से सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी हो गई है। किसानों को चाहिए कि वे सतर्क रहें और समय पर वैज्ञानिक उपायों को अपनाएं, ताकि उनकी मेहनत और फसल दोनों सुरक्षित रहें।

