किसानों की समस्याओं का गांव स्तर पर समाधान अब सपना नहीं, हकीकत बनने जा रहा है। केंद्र सरकार ने गांवों में ‘कृषि क्लीनिक’ खोलने की बड़ी योजना तैयार की है। इसका मकसद किसानों को फसलों से जुड़ी समस्याओं जैसे कीट प्रकोप, बीमारियों, बीज चयन और बाजार में सही दाम जैसी परेशानियों का समय पर और वैज्ञानिक समाधान देना है। हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस योजना की जानकारी दी और बताया कि यह पहल किसानों से मिले सुझावों पर आधारित है।
किसानों के सुझाव से बना रोडमैप
‘विकसित कृषि संकल्प अभियान (VKSA)’ के दौरान सरकार को देशभर से किसानों के अमूल्य सुझाव मिले। किसानों ने गांव स्तर पर ऐसे सेंटर की जरूरत जताई थी, जहां पर उन्हें तुरंत कृषि सलाह मिल सके। इस फीडबैक के बाद ही ‘कृषि क्लीनिक’ की योजना को आकार दिया गया।
वैज्ञानिकों की जांच के बाद होगा क्रियान्वयन
योजना को धरातल पर उतारने से पहले भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वैज्ञानिक किसानों के सुझावों का मूल्यांकन कर रहे हैं। कई व्यावहारिक सुझावों जैसे टमाटर की स्टोरेज-फ्रेंडली किस्में विकसित करना या खेत स्तर पर सटीक सलाह देना — इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से काम चल रहा है।
मध्य प्रदेश बना मॉडल, सामने आईं जमीनी चुनौतियां
मध्य प्रदेश के किसानों को नकली उर्वरकों, महंगे बीजों और बाजार में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) न मिलने जैसी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। इन अनुभवों ने ही इस योजना को मजबूती दी है। मंत्री चौहान ने बताया कि इससे यह साफ हो गया कि स्थानीय स्तर पर समाधान देने वाली व्यवस्था की जरूरत कितनी गंभीर है।
छोटे किसानों को मिलेगा विशेष लाभ
VKSA अभियान में पता चला कि छोटे किसान अब भी कई सरकारी योजनाओं से अछूते हैं। उन्हें तकनीकी जानकारी, उन्नत बीज और आधुनिक यंत्रों की कमी से जूझना पड़ता है। इसीलिए योजना में सब्सिडी पर मिनी कृषि यंत्र, नई किस्मों की जानकारी और फील्ड स्तर पर प्रशिक्षण भी शामिल किया गया है।
भंडारण और बाजार से जोड़ेगी सरकार
कृषि क्लीनिक योजना के तहत कोल्ड स्टोरेज, भंडारण सुविधा और मजबूत बाजार लिंक तैयार किए जाएंगे ताकि किसानों की उपज खराब होने से बच सके और उन्हें उचित मूल्य मिल सके।
मिट्टी की जांच और समेकित खेती पर फोकस
मिट्टी की गुणवत्ता की जानकारी न होने से किसानों की लागत बढ़ जाती है। इसके समाधान के लिए सरकार सॉयल हेल्थ कार्ड, मिट्टी की जांच, और इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम (IFS) पर भी किसानों को प्रशिक्षित करेगी।
क्यों है ‘कृषि क्लीनिक’ योजना खास?
-
गांव स्तर पर वैज्ञानिक सलाह और त्वरित समाधान
-
छोटे किसानों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण और सब्सिडी
-
मिट्टी, बीज, भंडारण और बाजार तक पूरी सहायता
-
खेती को टिकाऊ और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम

