केंद्र सरकार ने देश के श्रमिकों और युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) 2.0 को मजबूत किया है। इस पहल के तहत SIDH प्लेटफॉर्म को ई-श्रम पोर्टल के साथ एकीकृत किया गया है, जिससे पंजीकृत श्रमिकों को सीधे कौशलीकरण के अवसरों तक पहुंच मिल रही है। इस एकीकरण का लाभ देशभर के सभी राज्यों के श्रमिकों को मिल रहा है, जिससे स्किलिंग और रोजगार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो रहा है।
सरकार ने डिजिटल माध्यम से स्किलिंग को और आसान बनाने के लिए स्किल इंडिया असिस्टेंट (SIA) नाम का एक AI-संचालित व्हाट्सएप चैटबॉट भी लॉन्च किया है। यह चैटबॉट उपयोगकर्ताओं को उनके कौशल के अनुसार कोर्स सुझाता है, नजदीकी ट्रेनिंग सेंटर खोजने में मदद करता है और रोजगार के अवसरों की जानकारी देता है। खास बात यह है कि यह सुविधा 24×7 उपलब्ध है और हिंदी, अंग्रेजी व हिंग्लिश में टेक्स्ट और वॉयस के जरिए इस्तेमाल की जा सकती है।
SIDH प्लेटफॉर्म डिजिटल रूप से सत्यापित क्रेडेंशियल जारी करता है, जिससे युवाओं के प्रमाणपत्र सुरक्षित और भरोसेमंद बनते हैं। इन क्रेडेंशियल्स को आसानी से साझा और सत्यापित किया जा सकता है, जिससे रोजगार के अवसरों में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ती है।
इसके अलावा, प्लेटफॉर्म को भाषिनी के साथ भी जोड़ा गया है, जो 22 क्षेत्रीय भाषाओं में अनुवाद की सुविधा देता है। इससे विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि के लोग भी आसानी से स्किलिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं और डिजिटल शिक्षा अधिक समावेशी बन रही है।
रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए SIDH को राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) और NSDC के JobX पोर्टल से भी जोड़ा गया है, जहां MSME सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों की नौकरियां उपलब्ध हैं। इससे स्किल प्राप्त युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने में मदद मिल रही है।
आंकड़ों के अनुसार, देशभर में 1173 लाभार्थी SIDH प्लेटफॉर्म के तहत विभिन्न कोर्सों में नामांकित हैं, जिनमें सबसे अधिक भागीदारी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से देखी गई है।

