नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध गैस कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग करने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में भरे और खाली सिलेंडर, फिलिंग मशीनें और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
सबसे बड़ी कार्रवाई मुंडका इलाके में देखने को मिली, जहां क्राइम ब्रांच ने एक गोदाम पर छापा मारकर कुल 610 गैस सिलेंडर जब्त किए। इनमें 197 भरे हुए और 392 खाली सिलेंडर शामिल हैं, जबकि 21 छोटे सिलेंडर भी मौके से बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि गोदाम मालिक के पास केवल इंडेन कंपनी के कॉमर्शियल सिलेंडर बेचने का लाइसेंस था, लेकिन वहां अन्य कंपनियों के सिलेंडर भी रखे गए थे। स्टॉक रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी मिलने पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इसके अलावा गांधी नगर और शकरपुर में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गांधी नगर से राम विलास शर्मा नामक आरोपी को पकड़ा गया, जिसके पास से 9 भरे हुए सिलेंडर और एक गैस फिलिंग मशीन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, वह घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेच रहा था, जिससे न केवल उपभोक्ताओं को नुकसान हो रहा था बल्कि सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो रहा था।
वहीं शकरपुर इलाके में योगेश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो भरे हुए घरेलू सिलेंडर और पांच-पांच किलो के तीन छोटे सिलेंडर बरामद हुए। जांच में पता चला कि वह बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा चला रहा था। पुलिस ने उपकरण जब्त कर लिए हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है।
इसी क्रम में बवाना और रोहिणी क्षेत्रों में भी छापेमारी की गई, जहां से पुष्पेंद्र समेत अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि ये लोग घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग कर उन्हें छोटे सिलेंडरों में ट्रांसफर कर महंगे दामों पर बेचते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की अवैध गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि बड़े हादसों को भी जन्म दे सकती हैं। गैस सिलेंडरों की गलत तरीके से रिफिलिंग से आग लगने या विस्फोट का खतरा बना रहता है।
फिलहाल सभी मामलों में जांच जारी है और पुलिस अन्य संदिग्ध ठिकानों की भी तलाश कर रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि राजधानी में गैस माफिया के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

